Saturday, 24 March 2012

आज़ादी की हीरक जयंती का जश्न


साठ वर्ष के हो गए हैं आज़ादी और लोकतंत्र!

आज़ादी के पांव में पुर गए हैं बेड़ियों के घाव
हसरतें रह गई हैं अधूरी
उसे मलाल है
क्यों नहीं बरजा उसने तब पहरुओं को
जो सत्ता के दरवाज़े
दुकानों की तरह सजा कर बैठ गए
और धीरे-धीरे सत्ता को बाज़ार में बदल गए
फिर उन्हें अपने ही उत्तराधिकारियों को सौंप गए
देख रही है आज़ादी
सत्ता हो गई है शापिंग माल के मानिंद।

उधर लोकतंत्र मना रहा है आज़ादी की हीरक जयंती
शाही आनबान में गढ़ लिए हैं उसने
सत्ता के कुछ नए मंत्र
आज़ादी का आंदोलन और उसकी कुर्बानियां
लोकतंत्र के लिए हैं सिर्फ किस्से कहानियां
उसे तो होते ही मिला सत्ता का गुलदस्ता
उसका कहना है
कम साधनों में किया उसने संघर्ष
पाया उत्कर्ष
आज उसकी झोली में है उजास ही उजास
यह उसकी अपनी कमाई है
मानसिक व्यायाम से ही मिले हैं उसे सत्ता के नए आयाम
देश की विकास दर छू रही है आकाश
अंधेरा मत देखिए--देखिए सिर्फ प्रकाश
खुशी के माहौल में मुफलिसी का गीत मत गाइए
जश्न का मौसम है जश्न मनाइए।

Friday, 23 March 2012

आरक्षण का दैत्य


समाज कल्याण के नाम पर राजनीति ने
आरक्षण नहीं, शिगूफे बांटे हैं
यह आरक्षण ए वर्ग/वह आरक्षण बी वर्ग
इधर अल्पसंख्यकों का आरक्षण/उधर मुफलिसों का आरक्षण
आरक्षण की मरीचिका से मोहित
अब तो फले-फूले समाज से भी
उठने लगी है आरक्षण की मांग
जाट मांगते हैं आरक्षण
मुस्लिम मांगते हैं आरक्षण
यादव मांगते हैं आरक्षण
राजपूत मांगते हैं आरक्षण
पंडित मांगते हैं आरक्षण
बिखर रहा है समाज
झिंझोड़ रहा है यह यक्ष प्रश्न
क्या होगा इस आरक्षण के दैत्य का?
राजनीति खत्म करेगी इस दैत्य को
या भस्मासुर की तरह खुद ही भस्म हो जाएगा यह!

Thursday, 22 March 2012

एक मृत नागरिक की रूह की चिट्ठी


मैं राम भरोसे वल्द गुलामचंद की मृतात्मा
चाहती हूं कि आजाद भारत की सर्वोच्च अदालत
मेरी इस चिट्ठी को याचिका माने
वह जाने कि आजादी मिलने के बाद सत्ता की बंदरबांट
आम नागरिकों के मूलभूत अधिकारों का हनन
शिक्षा में विसंगति
राष्ट्रभाषा हिन्दी का अपमान
मुटठी-भर धनाढ्यों के हाथों में दौलत का सिमटना
और विकसित यांत्रिक युग में भी गरीब की गरीबी का न मिटना
क्योंकर और किसकी शह पर हुआ?
उन दोषियों को पहचाने
अदालत इस पर भी विचारे
कि न्याय क्यों बहुत महंगा और लंबा है?
सर्वोच्च अदालत में पढ़ तो ली जाएगी न
मेरे पत्र की भाषा और लिखाई
या हिन्दी भाषा से वहां भी चल रही है रुसवाई?

Wednesday, 21 March 2012

कली का जीवनचक्र


कली चटकी
खिली/खिलखिलाई
पुष्प बनी
हंसी/मुस्कराई
महमहाई
भंवरों से गुननगुनाई
शरमाई/हरषाई/मदमाई
मदनोत्सव मनाया/पराग लुटाया
उम्र पूरी कर मुरझाई
साख से झर गई
मिट गई।

कली के इस जीवन-चक्र में
उल्लास है
प्रेम है
समर्पण है
बैर और युद्ध कहीं नहीं है
मनुष्य के जीवन में युद्ध ही युद्ध हैं, क्यों?

Monday, 19 March 2012

हे गंधे! आओ फिर प्रेम करें


मैं आदम पुत्र
तुम्हारा ऋणी हूं अपराजिता
सुगंधित किए तुमने मेरे जीवन के अनगिन क्षण
मैं जब भी थका
तुमने मेरी थकन को फींच दिया
मन को दिए गए नए-नए आयाम
मेरे तेज की रश्मियों को
अपने अंतस में ठहराया/अपनाया
द्विगुणित कर जन्माया
और अब तुम
उसे ही पल्लवित करने में हो मगन
किन्तु मैं अब संतप्त हूं प्रिये!
तुम अब अपने सलोने अंशज में ही खोई रहती हो
मुझसे दूर रहती हो
हे गंधे!
आओ फिर प्रेम करें
स्मृतियों को पुनर्जीवित करें।

Saturday, 17 March 2012

तलाश एक संपादक की


दोस्तो!
मेरे देश में बेतहाशा भीड़ बढ़ गई है समाचारों की
गलियों, बाज़ारों, चौराहों पर
जहां ज़िंदगी को ढोया जाता है उन राहों पर
बेढब, अनगढ़ समाचार ही समाचार दिखाई देते हैं
समाचार--
चलते-फिरते, भागते-दौड़ते हुए
रोते-हंसते, खरीदते-बिकते हुए
लड़ते-झगड़ते, नारे लगाते हुए
चीखते-चिल्लाते, तोड़ते-फोड़ते हुए
नाचते-गाते, दलाली करते हुए
गद्दारी, खुद्दारी, दिलदारी में डूबे हुए।

दोस्तो!
समाचार बस समाचार होता है
संवर जाए तो खास होता है
असरदार होता है
वर्ना आम होता है
बेकाम और बेदाम होता है
मेरे देश को अर्से से
ज़रूरत है एक अच्छे संपादक की
जो हम भटकते समाचारों को संवारे-सुधारे
समय के अनुकूल निखारे।

दोस्तो!
आप भी तो इस भीड़ का हिस्सा हैं
आप भी तो बनना चाहते हैं सुगढ़ समाचार
तो आइए जुट जाइए मेरी ही तरह
एक सुयोग्य संपादक की तलाश में
जो हमारे देश के समाचारों को
संवारे, निखारे, सुधारे
और समय के अखबार में उपयुक्त महत्व दिलाए।

Friday, 16 March 2012

हुजूर!


हुजूर!
मेरी बात मान जाइएगा
अब आप सरकारी दौरे पर
मेरे शहर मत आइएगा
मझे क्षमा कर दें
मेरी मानें और अपना दौरा रद्द कर दें।

हुजूर!
मेरे शहर का मिजाज आजकल कुछ गर्म है
अन्यथा न लें
आपकी हिफाजत की सोचना मेरा धर्म है
न जाने आजकल मेरे शहर को क्या हो गया है?
यहां नई पीढ़ी का हर आदमी
पोस्टर बनकर दीवारों पर चस्पां हो गया है।

हुजूर!
पोस्टर का काम दूसरों को हड़काना होता है
सही शब्दों में कहें तो भड़काना होता है
यहां पोस्टर बना हर मौन चेहरा
खूंखार आंखों से जैसे दे रहा है शहर का पहरा
पोस्टर बने हर चेहरे की एक आंख में
ज्वालामुखी खौल रहा है
देखकर लगता है जैसे--
उड़ने से पहले बाज अपने पंख तौल रहा है
और दूसरी आंख में
हसरतों के महल बन रहे हैं
गुलशन खिल रहे हैं।

हुजूर!
ये बदला हुआ माहौल
कुछ सिरफिरों की ये बेजा हरकतें
बदशकूनी का इजहार करती हैं
कुछ गलत हो जाने का इशारा करती हैं
आपका आना शायद आपके हक में अच्छा न रहे
इसलिए, मेरी बात मान जाइएगा
अब आप सरकारी दौरे पर
मेरे शहर मत आइएगा।